नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध घोड़ाखाल स्थित गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन से जोड़ने की पहल तेज हो गई है। नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा सीट से सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर मंदिर को मिशन में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे मंदिर के विकास के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
न्याय के देवता के रूप में प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है। यहां अपनी फरियाद लेकर पहुंचने वाले श्रद्धालु मंदिर में चिट्ठियां अर्पित करते हैं। सालभर देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के बीच मंदिर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री के सामने मंदिर क्षेत्र की समस्याएं रखते हुए पर्याप्त पार्किंग, बेहतर सड़क संपर्क, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन विकसित करने का सुझाव दिया है। पर्यटन सीजन और विशेष धार्मिक अवसरों पर पार्किंग की कमी और यातायात के दबाव के चलते श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी होती है।
अजय भट्ट का कहना है कि गोलू देवता मंदिर को मानसखंड मंदिर माला मिशन में शामिल करने से इसकी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी। साथ ही कैंची धाम, जागेश्वर धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़कर एक धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है। अब इस मांग पर सरकार के फैसले का इंतजार है।





