spot_img
spot_img

पीआरडी जवानों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने फूंका सीएम धामी का पुतला, कार्रवाई की मांग

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

देहरादून: मुख्यमंत्री आवास कूच के दौरान पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर उत्तराखंड में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।

 

प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने पुतले से मुख्यमंत्री की तस्वीर हटाने की कोशिश की। इसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार निरंकुश हो चुकी है और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले पीआरडी जवानों पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीआरडी जवानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता प्रतिमा सिंह के माध्यम से जारी बयान में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की आवाज पुलिस की लाठियों के दम पर दबाना चाहती है।

 

गोदियाल ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ये जवान राज्य की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उनके रोजगार की सुरक्षा, नियमित ड्यूटी और सम्मानजनक पारिश्रमिक जैसे मुद्दों पर सरकार उदासीन बनी हुई है।

 

उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार को आंदोलनकारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन संवाद के बजाय लाठीचार्ज का रास्ता अपनाया जा रहा है। गोदियाल ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और लाठीचार्ज में घायल जवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img