spot_img
spot_img

खटीमा के सुरई जंगल में युवक का क्षत-विक्षत शव मिला, पास में मिले बाघ के पगचिह्न; हमले की आशंका

More articles

Vijaya Dimri
Vijaya Dimrihttps://bit.ly/vijayadimri
Editor in Chief of Uttarakhand's popular Hindi news website "Voice of Devbhoomi" (voiceofdevbhoomi.com). Contact voiceofdevbhoomi@gmail.com

खटीमा: खटीमा के सुरई वन क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। सुबह गश्त के दौरान वन कर्मियों को घटनास्थल के आसपास बाघ के पगचिह्न मिले। प्रथम दृष्टया युवक की मौत जंगली जानवर के हमले में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मृतक की शिनाख्त करने में जुटी हैं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर जंगल में गश्त बढ़ाने के साथ आम लोगों को वन क्षेत्र में न जाने की चेतावनी दी जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार, सुबह जंगल में गश्त कर रही वन विभाग की टीम को सुरई बीट संख्या-05 के पास खून के धब्बे और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। मौके से 90 नेपाली रुपये भी बरामद हुए। वन कर्मियों ने जब खून के निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का पायजामा मिला। इसके बाद टीम ने जंगल में तलाश अभियान तेज कर दिया।

 

तलाश के दौरान सुरई वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट संख्या-47 में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के आसपास बाघ के पगचिह्न भी मिले। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने युवक पर हमला करने के बाद उसे घसीटकर जंगल के भीतर ले गया होगा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गए।

 

उपप्रभागीय वनाधिकारी सुरई वन रेंज संचित वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया जंगली जानवर के हमले में युवक की मौत होने की आशंका है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। तराई पूर्वी वन प्रभाग की टीम ने भी वन कर्मियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस की मदद से मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और जंगल क्षेत्र में आम लोगों को न जाने की मुनादी कराई जा रही है।

 

वन विभाग की टीम ने मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और तलाश अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं, सत्रहमील पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरने के बाद उसे खटीमा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

-Advertisement-

-Advertisement-

-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
Download Appspot_img