देहरादून। छोटी दिवाली की शाम पटेलनगर क्षेत्र में जमीन के सौदे के 14 लाख रुपये लेकर लौट रहे एक व्यक्ति से लूट की घटना सामने आई है। इंद्रेश अस्पताल के पास बाइक और एक्टिवा सवार पांच-छह युवकों ने उनका वाहन घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों के साथ मारपीट की और पिछली सीट पर रखा 14 लाख रुपये से भरा थैला लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद समेत पांच-छह आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, रायवाला के हरिपुर कलां स्थित राणा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार सोनी (45) शनिवार को पथरी बाग में एक प्लॉट के सौदे के सिलसिले में दिनेश तिवारी से 14 लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। उनके साथ दिनेश तिवारी, ओमकार और गुरविंदर भी वाहन में सवार थे। दोपहर करीब 3:40 बजे उनका वाहन इंद्रेश अस्पताल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से बाइक और एक्टिवा पर सवार होकर आए युवकों ने उनका वाहन घेर लिया।
आरोप है कि युवकों ने वाहन सवार लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पिछली सीट पर रखा नकदी से भरा थैला उठा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद राजेश कुमार सोनी ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
तीन आरोपियों को किया नामजद
राजेश कुमार सोनी ने अपनी तहरीर में सिद्धांत बडोनी, कार्तिक भाटिया और दीपक सिंह शेखावत को नामजद किया है। उन्होंने चार-पांच अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद जानकारी जुटाने पर इन लोगों के नाम सामने आए।
पुलिस ने रविवार दोपहर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।





