धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीपीसीएल उदयपुर कॉलोनी में सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने महानगर अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं के साथ कॉलोनी में सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प के तहत समाजहित में विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने देश, राज्य, शहर और क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर सफाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियानों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि अपने आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई की जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से अपने क्षेत्र के साथ ही शहीद स्मारकों एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई में सहभागिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश महामंत्री संगठन ने सेवा कार्यों में योगदान देने वाले सेवा मित्रों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि समाजसेवा में सक्रिय लोगों का सम्मान अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है।
सफाई अभियान में पूर्व मंडल अध्यक्ष जगदीश बद्री सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





